इटावा। थाना पछायगांव क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा में गुरुवार रात चोरों ने दो बंद घरों को निशाना बनाया। चोरों ने पांच लाख रुपये के जेवर और 13.30 लाख रुपये की नकदी पार कर दी। एक ही परिवार के दो भाइयों के मकानों में हुई इस लाखों की चोरी से ग्रामीण भयभीत हैं।
कमला देवी पत्नी राजेंद्र प्रसाद कुछ दिन पहले परिवार सहित रिश्तेदारी गई थीं। उनके घर पर ताला लगा था। गुरुवार रात चोरों ने सूने घर में लगे 10 से अधिक ताले और कुंडियां तोड़ दी। चोरों ने कमला देवी के घर से सोने का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, चेन, झुमकी चुराईं। इसके अलावा चांदी की पाजेब, करधनी और 10 लाख रुपये की नकदी भी ले गए। चोरों ने कमला देवी के देवर प्रदीप के घर से भी सोने-चांदी के जेवर और करीब 3.30 लाख रुपये नकद चुराए।
पड़ोसी अशोक कुमार ने रात करीब दो बजे कुछ संदिग्धों को घर से निकलते देखा था। पीड़िता ने गांव के कुछ लोगों पर चोरी का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच जारी है।
