झांसी में 600 बिस्तरों का नया मंडलीय अत्याधुनिक अस्पताल बनेगा। पुरुष व महिला अस्पताल के अलग-अलग ब्लॉक होंगे, जिनमें 500 बेड होंगे। वहीं, 100 बेड का अलग से कैंसर रोगियों के लिए ब्लॉक बनेगा। इसके लिए अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. अमित कुमार घोष ने मंडलायुक्त को जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं।

झांसी एवं चित्रकूट मंडल के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मंडलायुक्त सभागार में अपर मुख्य सचिव ने समीक्षा बैठक की। अपर मुख्य सचिव ने बैठक में बताया कि झांसी में मंडलीय अस्पताल को बनाया जाना तय हुआ है। इसके लिए उपयुक्त जमीन तलाश की जानी है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर एमबीबीएस चिकित्सकों की तैनाती तत्काल सुनिश्चित करने के साथ ही वेटिंग लिस्ट भी तैयार करने के निर्देश दिये, जिससे यदि कोई चिकित्सक आने पर असमर्थता व्यक्त करता है, तो आगे वाले को तुरंत मौका दिया जाएं। सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डाॅ. पिंकी जोवल ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर को समय से खोलने के निर्देश देते हुए ताला बंद मिलने पर सख्त कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया। प्राईवेट नर्सिंग होम का नवीनीकरण नियमानुसार करने को कहा। इस दौरान महानिदेशक चिकित्सा सेवाएं डा.पवन कुमार अरुण, महानिदेशक परिवार कल्याण डाॅ. एचडी अग्रवाल, महानिदेशक प्रशिक्षण डाॅ. रंजना खरे, राज्य क्षय रोग अधिकारी डाॅ. अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।

जल्द मिलेगा एनेस्थेटिस्ट व रेडियोलॉजिस्ट

मंगलवार रात निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव को पता चला कि महिला जिला अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट (निश्चेतक) की कमी है। इससे गर्भवती महिलाओं के सिजेरियन ऑपरेशन के लिए इधर-उधर से एनेस्थेटिस्ट बुलाना पड़ता है। अपर मुख्य सचिव ने जल्द महिला जिला अस्पताल में एनेस्थेटिस्ट की स्थायी तैनाती का भरोसा दिलाया। जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ व रेडियोलॉजिस्ट की भी तैनाती की बात कही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *