उरई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूल-मालाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
शहर के राधा-कृष्ण मंदिर में विशेष सजावट की गई। भगवान राधा-कृष्ण का मनमोहक शृंगार कर झांकियां सजाई गईं। अर्धरात्रि में श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। ठडेश्वरी मंदिर और इस्कॉन मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम हुए। पुलिस लाइन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी विनय कुमार और एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने पूजा-अर्चना की। जिले भर में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम देर रात तक चले। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों और युवाओं ने कृष्ण-राधा के स्वरूप में सजकर झांकियों में हिस्सा लिया।
कोंच में यादव समाज समिति ने सर्वसमाज के सहयोग से यादवेश्वर मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली। इसमें विधायक मूलचंद निरंजन समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा मार्ग श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा। कदौरा के खुटमिली गांव स्थित रामजानकी मंदिर में विशेष झांकी सजी। कोटरा के श्री बिहारी जी मंदिर में जवाबी कीर्तन का आयोजन हुआ।
पुलिस थानों में भी मना जन्मोत्सव
आटा थाना परिसर स्थित मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इसमें थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा और उपनिरीक्षक कुलवंत कुमार सिंह शामिल हुए। रामपुरा थाना परिसर को सजाकर जन्माष्टमी मनाई गई, जहां सहभोज का भी आयोजन हुआ। सिरसा कलार थाना परिसर में भी रात 12 बजे थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पूजा-अर्चना और आरती की गई।

फोटो – 34 पुलिस लाइन में पूजा अर्चना करते एसपी व एएसपी। संवाद

फोटो – 34 पुलिस लाइन में पूजा अर्चना करते एसपी व एएसपी। संवाद

फोटो – 34 पुलिस लाइन में पूजा अर्चना करते एसपी व एएसपी। संवाद
