जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से भदरेखी गांव के बाहर से निकली नून नदी का रपटा पूरी तरह डूब गया है। रपटे के ऊपर करीब एक फीट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर रपटा पार कर रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सबसे अधिक परेशानी किसानों को खेतों तक पहुंचने और पशुओं के लिए चारा लाने में हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक नून नदी के रपटे का निर्माण करीब दो दशक पहले बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे श्रीराम पाल की पहल पर पुल के साथ कराया गया था। निर्माण के बाद आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिली, लेकिन इतने वर्षों बाद भी रपटे पर सुरक्षा रेलिंग नहीं लगाई गई। ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों ने कई बार रेलिंग लगाने की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला।
