सिरसा कलार। अधूरी और उखड़ी सड़क पर बने गड्ढे में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने से चालक की ट्रॉली के पहिये के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसा अभैदेपुर के पास हुआ।

थाना क्षेत्र के नियामतपुर गांव निवासी गजेंद्र दोहरे (35) आसपास के गांवों में गिट्टी-मौरंग ढोने का काम करता था। वह एक दुकान का ट्रैक्टर चलाता था। बृहस्पतिवार शाम वह दमरास की ओर से गिट्टी-मौरंग खाली कर ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। अभैदेपुर के पास अधूरी और उखड़ी सड़क पर बने बड़े गड्ढे में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने लगा। ट्रैक्टर पलटने की आशंका में गजेंद्र ने उससे छलांग लगा दी, लेकिन गिरने के दौरान ट्रॉली के पहिये के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन उसे मेडिकल कॉलेज उरई ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी रामसजीवन वर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गजेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके तीन बच्चे आदित्य, आदर्श और आरुषि हैं। पत्नी का कहना है कि परिवार में कमाने वाला अब कोई नहीं बचा। बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा। मां रामबिटोली भी बेटे की मौत से बेहाल हैं। थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



Source link