बहुआ (फतेहपुर)। बेटी के इलाज में लापरवाही का वीडियो बनाने पर महिला से हाथापाई करने वाले पीएचसी प्रभारी के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। सीएमओ की ओर से गठित टीम की जांच में पीएचसी प्रभारी पर गाली-गलौज, मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप सही पाए गए हैं। वहीं मामले की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ललौली थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी पवन कुशवाहा की पत्नी मीना कुशवाहा सात अक्तूबर की दोपहर 10 वर्षीय बेटी के मुंह में छाले का इलाज कराने बहुआ पीएचसी पहुंची थीं। यहां डॉ. शैलेंद्र कुमार गौतम के मरीज देखने का वीडियो बनाने लगीं। महिला का आरोप था कि बेटी के मुंह में पहले भी छाले हुए थे, लेकिन समुचित इलाज न होने के कारण दोबारा हो गए।
वीडियो बनाने पर पीएचसी प्रभारी ने आपत्ति जताई और महिला का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज करते हुए महिला से हाथापाई की। इससे मोबाइल का स्क्रीन गार्ड टूट गया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़िता ने सीएमओ डॉ. यूबी सिंह से पीएचसी प्रभारी डॉ. शैलेंद्र गौतम की शिकायत की थी। सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार और डॉ. विमलेश कुमार की संयुक्त टीम से जांच कराई।
करीब डेढ़ माह बाद जांच रिपोर्ट मिलने पर ललौली पुलिस ने प्रभारी डॉ. शैलेंद्र गौतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश प्रसाद गुप्ता ने बताया जांच कर डॉक्टर के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने कहा कि डॉक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

फोटो-05-फतेहपुर:- प्रभारी डाॅक्टर शैलेंद्र गौतम। वीडियो ग्रेब

फोटो-05-फतेहपुर:- प्रभारी डाॅक्टर शैलेंद्र गौतम। वीडियो ग्रेब

