आगरा। जमीन में निवेश कर धन दोगुना करने का लालच देकर बीसी संचालक ने विधायक के ससुर और साले से 43 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित जनवरी 2025 से पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने शिकायत पर संज्ञान लेकर एसीपी सदर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सदर के सेवला जाट क्षेत्र स्थित अशोका स्टेट के निवासी अनिल कुशवाह ने बताया कि वह जिला अस्पताल में नौकरी करते हैं। पिता लाल सिंह भी रिटायर्ड राज्यकर्मी हैं। विधायक खेरागढ़ भगवान सिंह कुशवाह उनके जीजा हैं। पिता-पुत्र दोनों ने 2018 से 2020 तक आवास विकास के सेक्टर 12 निवासी महेश कुमार के पास बीसी डाली थी। आरोपी ने रकम जमीन के काम में निवेश कर दोगुना करने का लालच दिया था। आरोपी के साथ उसकी पत्नी ऊषा जाटव, बेटा विनय, विनीत और अन्य परिजन भी काम करते थे। उन्होंने और पिता ने कुल 43.33 लाख जमा किए। समय पूरा होने पर रुपये नहीं मिले। धमकी भी दी जाने लगी। अब तक कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुके पर कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस आयुक्त का कहना है कि जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।