इटावा। गोमती एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री पंजाबी कॉलोनी के पास गिरकर घायल हो गया। पत्नी ने धक्का दूसरे यात्रियों पर धक्का देने का आरोप लगाया है। घायल को पंजाबी कॉलोनी के पास एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के एटा चौराहा निवासी काजल गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह अपने पति जितेंद्र के साथ टूंडला से गोमती एक्सप्रेस में सवार होकर कानपुर जा रही थीं। ट्रेन इटावा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, तभी किसी यात्री से उनके पति का विवाद हो गया। विवाद के दौरान यात्री ने उनके पति को धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पंजाबी कॉलोनी के पास एंबुलेंस पहुंची और घायल जितेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। पत्नी इकदिल रेलवे स्टेशन पर उतरकर जिला अस्पताल पहुंचीं। वहां जितेंद्र को भर्ती कराकर उपचार कराया गया। प्रभारी निरीक्षक यदुवीर सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।(संवाद)

