लखनऊ। जल जीवन मिशन के तहत जनपद में सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजनाओं से हर साल लगभग 16.71 करोड़ रुपये के बिजली बिल की बचत हो रही है। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हुई है। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिल रहा है।
अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जल निगम ग्रामीण की प्राथमिकता प्रत्येक परिवार को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। वे पेयजल योजनाओं का ऊर्जा दक्ष और टिकाऊ संचालन सुनिश्चित करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से सौर ऊर्जा आधारित प्रणालियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 669 राजस्व गांवों में 376 पेयजल योजनाएं संचालित हैं। सभी 376 योजनाएं सौर ऊर्जा आधारित हैं, जिनसे 669 गांव लाभान्वित हो रहे हैं। इन योजनाओं के संचालन के लिए 9,338 किलोवाट क्षमता की सौर प्रणालियां स्थापित की गई हैं। इनकी कुल ऊर्जा मांग भी 9,338 किलोवाट है। इनके माध्यम से हर साल लगभग 19,478 मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आ रही है।

