आटा। अकोढ़ी के पास शटडाउन लेकर एचटी लाइन ठीक कर रहे संविदाकर्मी नीतू कुशवाहा की मौत के मामले में बिजली विभाग की जांच अब शटडाउन की प्रक्रिया और सप्लाई चालू करने वाले कर्मचारी पर केंद्रित हो गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लाइनमैन ने काम के लिए शटडाउन लिया था तो दूसरे फेस में बिजली कैसे पहुंच गई। क्या उपकेंद्र पर शटडाउन की सूचना दर्ज थी और क्या सप्लाई चालू करने से पहले लाइनमैन से संपर्क किया गया था? हादसे के बाद उपकेंद्र पर ताला मिलने और एसएसओ के गायब होने से विभागीय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
शुक्रवार को एसडीओ द्वितीय पुष्प देव ने आटा बिजली उपकेंद्र पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की। शटडाउन रजिस्टर की जांच के साथ सीयूजी नंबर की कॉल डिटेल भी खंगाली गई। अधिकारियों ने यह पता लगाने का प्रयास किया कि नीतू ने किस समय शटडाउन लिया था और बिजली आपूर्ति किस समय चालू की गई। एसएसओ की भूमिका और हादसे के बाद उपकेंद्र छोड़ने के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
विद्युत सुरक्षा निदेशालय करेगा तकनीकी जांच
बिजली विभाग के प्रथम खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र नाथ ने बताया कि हादसे की जांच विद्युत सुरक्षा निदेशालय झांसी को भेजी गई है। निदेशालय के अधिकारी जेई से लेकर संबंधित कर्मचारियों के बयान दर्ज करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। विभाग का कहना है कि लाइनमैनों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। हालांकि हादसे के समय इन उपकरणों का इस्तेमाल हुआ था या नहीं, यह भी जांच का विषय है।
एक साल पहले हुई थी शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संदी गांव निवासी 25 वर्षीय नीतू कुशवाहा की मौत से परिवार में मातम है। एक साल पहले ही उसकी शादी आकांक्षा से हुई थी। पिता मंगल बेटे की मौत से बेसुध हैं। शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। ग्रामीणों की मांग है कि केवल जांच की औपचारिकता न हो, बल्कि बिजली आपूर्ति चालू करने में लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।

