कदौरा। थाना क्षेत्र के उदनपुर-कुसमरा मार्ग पर शनिवार को दिनदहाड़े रिश्तेदारी में जा रही 48 वर्षीय महिला से बदमाशों ने छिनौती कर ली। बस से उतरकर पैदल गांव जा रही महिला को सुनसान रास्ते पर दो युवकों ने निशाना बनाया। आरोप है कि दोनों युवक मंगलसूत्र, पायल, नकदी और मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मरगांया निवासी सोमवती पत्नी भूरा थाना क्षेत्र के कुसमरा गांव निवासी बलवान के घर मेहमानी में जा रही थीं। वह बस से उदनपुर में उतरने के बाद कुसमरा की ओर पैदल जा रही थीं। महिला के अनुसार रास्ते में एक युवक पीछे से उनके साथ चलने लगा, जबकि उसका साथी कुछ दूरी पर पहले से खड़ा था। सुनसान रास्ते पर महिला को अकेला पाकर दोनों युवकों ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया और सामान लेकर भाग निकले।
पीड़िता के मुताबिक उसके गले में करीब 20 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र और पैरों में करीब 10 हजार रुपये की पायल थी। इसके अलावा पर्स में 600 रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन रखा था। महिला का आरोप है कि दोनों युवकों ने जेवर, नकदी और मोबाइल छीन लिया। सीओ राजेश कमल का कहना है कि लूट जैसी घटना नहीं हुई है, जानकारी में पता चला है कि महिला से टप्पेबाजी हुई है। जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े वारदात से खलबली
दिनदहाड़े महिला से छिनौती की घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खलबली मच गई। पीड़िता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
