= वेयरहाउस की जमीन की पैमाइश में बाधा का आरोप

संवाद न्यूज एजेंसी

नवाबगंज। सहरावां गांव में वेयरहाउस निर्माण के लिए जमीन के सीमांकन के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि चिह्नांकन करने पहुंची राजस्व टीम के साथ छह लोगों ने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा डाला। लेखपाल की तहरीर पर सोहरामऊ थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है।

पुरवा तहसील की लेखपाल ममता प्रजापति ने तहरीर देकर बताया कि इंवेस्ट यूपी कार्यक्रम के तहत क्वीकार्गो लॉजिस्टिक्स एलएलपी की ओर से गांव में वेयरहाउस स्थापित किया जा रहा है। जमीन को लेकर पहले भी दो बार राजस्व टीम सीमांकन कर चुकी है। लेखपाल का दावा है कि दोनों बार की जांच में संबंधित पक्ष की दर्ज जमीन मौके पर पूरी पाई गई थी। इसके बाद भी निर्माण कार्य में लगातार व्यवधान किया जा रहा था।

20 नवंबर को एसडीएम पुरवा की ओर से जारी आदेश के अनुपालन में 23 नवंबर को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम सीमांकन के लिए पहुंची थी। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और सीओ पुरवा सहित कई अधिकारी मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान शिवरानी, कांति, नीता, सोनी, संतोष और विष्णु ने एकराय होकर टीम के साथ गाली-गलौज की और हाथापाई पर उतर आए। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद भी वह नहीं माने। थानाध्यक्ष श्रीराम पांडेय ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर छह नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।



Source link

अभी अभी की खबरें