कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव बाहरपुर में शनिवार की शाम घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बालिका लापता हो गई। मंगलवार सुबह इस मासूम का शव मिला। सूचना मिलते री पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। बच्ची के शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया।
गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव बाहरपुर निवासी परिवार के चार वर्षीय मासूम बेटी शनिवार शाम करीब पांच बजे घर के बाहर आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह घर से कुछ दूरी तक निकल गई। ग्रामीणों ने उसे गांव के मंदिर की ओर जाते देखा था, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
काफी देर तक बच्ची के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के साथ खेतों, रास्तों और संभावित स्थानों पर देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बालिका के लापता होने की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस गांव में पहुंच गई।
एसपी ओपी सिंह के निर्देश पर सीओ पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में चार टीमों ने बालिका की तलाश के लिए रातभर सर्च अभियान चलाया। सोमवार को खोजी श्वान को मौके पर बुलाया। उसकी सहायता से आसपास के इलाकों को खंगाला गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। वहीं मंगलवार सुबह बच्ची का शव खेत से बरामद हुआ। बच्ची के शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया।
