तेज आंधी-तूफान और झमाझम बारिश के कारण शुक्रवार को कस्बा पिनाहट सहित ग्रामीण इलाकों की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। जगह-जगह फॉल्ट होने से क्षेत्र में घंटों बिजली गुल रही, जिसके चलते सरकारी दफ्तरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इनवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। इसी बिजली संकट के बीच पिनाहट सीएचसी से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्वास्थ्य कर्मी मोबाइल की रोशनी में मासूम बच्ची को इंजेक्शन लगाता दिख रहा है।
शुक्रवार की सुबह ब्लॉक क्षेत्र के गांव सावलदास पूरा मे कुत्ते के काटने के बाद 6 वर्षीय बच्ची रागिनी को परिजन सीएचसी केंद्र लेकर पहुंचे थे। एंटी रैबीज सीरम लगाने के दौरान अचानक फॉल्ट होने के कारण अस्पताल की लाइट बंद हो गई। नर्सिंग ऑफिसर ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर मासूम बच्ची के एंटी रेबीज सीरम लगाकर उपचार किया। इसी दौरान किसी ने एक 12 सेकंड का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की कार्य शैली पर सवाल खड़े कर दिए। इसी संबंध में सीएचसी प्रभारी प्रमोद कुशवाहा का कहना है कि एंटी रेबीज सीरम लगाने के दौरान अचानक अस्पताल के इलेक्ट्रिक बोर्ड में फाल्ट हो गया और अस्पताल की लाइट ठप हो गई थी। नर्सिंग ऑफिसर की सूझबूझ से मोबाइल टॉर्च की रोशनी में सकुशल सीरम का कार्य पूरा किया था।