राजधानी लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के नए मंत्रियों को विभाग न मिलने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यूपी में मंत्रियों के नाम के बाद अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी। मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ ये है कि मंत्रालय-विभाग की कमीशन व कमाई के बंटवारे के लिए डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं, वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाकी सब मंत्रियों को डिब्बा कर देता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने ठाना है कि नए मंत्रियों को जो भी विभाग मिलेगा, उस पर निगाह रखी जाएगी, जिससे ये अपने खजाने न भर सकें। इस बात के लिए कागजी प्रमाण के साथ-साथ और भी आडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किए जाएंगे।

भाजपा सरकार की नीतियां विफल

सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर कहा कि भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। जो हालात हैं, उसमें महंगाई में लगातार वृद्धि होगी। भाजपा सरकार की नीतियां फेल है। डॉ. राममनोहर लोहिया की दाम बांधो नीति से ही महंगाई पर लगाम लगेगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करेगी लेकिन इस बार जनता की ताकत के सामने भाजपा टिक नहीं पाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके व्यवहार से किसी को कष्ट न हो। कार्यकर्ताओं और नेताओं की भाषा और व्यवहार किसी के खिलाफ न हो। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन आदि मौजूद रहे।

आंधी-तूफान पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग

अखिलेश ने आंधी-तूफान की वजह से भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र, बदायूं व कई अन्य स्थानों पर लोगों की मृत्यु को बेहद दुखद बताते हुए गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि आपदा के इस समय में सभी प्रभावित लोगों की यथासंभव सहायता करें। उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा करने की मांग की। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखीमपुर के गंगोत्री नगर निवासी नीट अभ्यर्थी रितिक मिश्रा के असामायिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *