यूपी के अंबेडकरनगर में बसखारी के पटना मुबारकपुर के पास शनिवार दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने सराफा कारोबारी रोहित शर्मा से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। बसखारी व आलापुर पुलिस ने जांच शुरू की। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।
आलापुर के विमावल निवासी रोहित शर्मा की रामनगर बाजार में सराफा की दुकान है। उन्होंने शनिवार को बसखारी बाजार में कारोबारी मनोज सोनी की दुकान से करीब 10 लाख रुपये के हार, अंगूठी, नथनी समेत अन्य आभूषण खरीदे और बाइक की डिक्की में रखकर आलापुर के लिए रवाना हुए।
रोहित के अनुसार, पटना मुबारकपुर के पास पीछे से काली बाइक पर हेलमेट पहनकर आए दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने उनकी कनपटी पर असलहा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। बाइक की चाबी छीनकर डिक्की में रखा आभूषणों से भरा बैग निकाल लिया। उन्होंने दुकान पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। बसखारी व आलापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सीओ सिटी नीतीश कुमार ने मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने स्वाट व सर्विलांस टीमों को भी जांच में लगाया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
