
यूट्यूबर एल्विश यादव
– फोटो : amar ujala
विस्तार
कोबरा कांड में मशहूर यू-ट्यूबर एल्विश यादव से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने मंगलवार को सात घंटे तक पूछताछ की। अधिकारियों ने जब एल्विश से सांप की सप्लाई के बारे में सवाल किए तो वह खुद को बेगुनाह बताने लगा। इसके बाद अफसरों ने उसके बैंक खातों, आयकर विवरण के दस्तावेज सामने रखकर उसकी लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगी गाड़ियों और विदेश यात्राओं के बारे में पूछना शुरू किया तो वह गोलमोल जवाब देने लगा।
Trending Videos
बता दें कि पूर्व सांसद मेनका गांधी की संस्था पीपुल्स फॉर एनिमल्स द्वारा एल्विश यादव समेत छह लोगों के खिलाफ नोएडा में 2 नवंबर 2023 को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। एल्विश पर संगठित गिरोह बनाकर सांप का जहर और जिंदा सांप नोएडा व एनसीआर के फाॅर्म हाउस, नामचीन होटलों, क्लबों, रिसॉर्ट्स आदि में होने वाली रेव पार्टियों में उपलब्ध कराने का आरोप लगा था। पुलिस जांच में एल्विश की संलिप्तता की पुष्टि होने पर 17 मार्च 2024 को नोएडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
वहीं एल्विश और उसके करीबी मशहूर गायक राहुल यादव फाजिलपुरिया पर गुरुग्राम में भी गाने में सांपों के इस्तेमाल करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। यह मुकदमा भी पीपुल्स फॉर एनिमल्स संस्था की तरफ से दर्ज कराया गया था, जिसमें दो गानों में दुर्लभ प्रजाति के सांपों का इस्तेमाल होने की शिकायत की गई थी। फाजिलपुरिया ने अपने गाने 32 बोर… में एल्विश के साथ गले में सांप डालकर शूटिंग की थी। इस मुकदमे के बारे में भी अधिकारियों ने एल्विश से तमाम सवाल किए। पूछताछ के दौरान वह गाने में इस्तेमाल हुए सांप को कहां से लाया था, इसकी जानकारी नहीं दे सका। ईडी को इस मामले में भी एल्विश द्वारा सांप मुहैया कराने के पुख्ता सुबूत मिल चुके हैं।
यह भी सामने आया कि गानों में सांपों का इस्तेमाल करने की कोई सरकारी अनुमति भी नहीं ली गयी थी। इसके अलावा एनसीआर में होने वाली रेव पार्टियों में सांपों की सप्लाई करने के बारे में भी उससे सवाल किए गये। उसने अधिकारियों को बताया कि वह केवल मौज-मस्ती के लिए सांपों को गले में डालकर घूमता था। सांपों की तस्करी से उसका कोई वास्ता नहीं है।
संपत्तियों की तलाश हुई तेज
ईडी के अधिकारी एल्विश की संपत्तियों और यू-ट्यूब से होने वाली कमाई के बारे में भी गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। उसे जल्द ही दोबारा पूछताछ के लिए तलब किया जा सकता है। ईडी इस मामले में पीपुल्स फॉर एनिमल्स संस्था के पदाधिकारी गौरव गुप्ता का दिल्ली में बयान दर्ज कर चुका है। वहीं बीती 8 जुलाई को एल्विश के करीबी राहुल यादव फाजिलपुरिया से भी पूछताछ हुई थी।
