संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सौजना के मजरा लुहर्रा में छात्र-छात्राएं पक्की सड़क के अभाव में दलदल और पानी से होकर निकलने को मजबूर हैं। स्कूल जाते समय कई बार कीचड़ के कारण छात्राओं की साइकिल फिसल जाती है और वह गिर जाती हैं। उनके कपड़े और बैग खराब हो जाते हैं।
ब्लॉक महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत सौजना में लुहर्रा के लोग वर्षों से पक्की सड़क के लिए तरस रहे हैं। बरसात के दिनों में कच्चे रास्ते पर पानी भर जाता है और रास्ता दलदल भरा हो जाता है। ग्रामीण और स्कूली बच्चे इसी रास्ते से निकलने को मजबूर हैं। रात में किसी के अचानक बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल तक ले जाना भी कठिन होता है। वहीं, बाइक से निकलते समय फिसलकर गिरने का डर रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पक्की सड़क बनवाने की मांग की है।
