अमांपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने मां शैल पुत्री की पूजा-अर्चना की। घर-मंदिरों में घट स्थापना के साथ मां नव दुर्गा के प्रथम रूप शैल पुत्री की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने देश में सुख शांति और रोग मुक्ति की कामना की।
पहले दिन व्रत रखकर मनौतियां मांगी गईं। देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिली। मां की आस्था में श्रद्धालु सराबोर नजर आए। देर रात तक भजन-कीर्तन गूंजते रहे। इस मौके पर विधायक हरिओम वर्मा, साधना वर्मा, राम नारायण मित्तल, राकेश पाराशर, जगन सिंह सोलंकी, केशवदेव गुप्ता, पप्पू माहेश्वरी, विनीत मित्तल आदि भक्तगण मौजूद रहे। देवी मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। थाना प्रभारी दिनेश सिंह फोर्स के साथ मंदिरों की निगरानी करते रहे।
गंजडुंडवारा में शारदीय नवरात्र के पहले दिन घरों के साथ मंदिरों में घट स्थापना करके मां शैल पुत्री की पूजा-अर्चना की गई। रेलवे रोड स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर, पंचायती बाग स्थित काली मंदिर, गमा देवी मंदिर, नौ देवी मंदिर और माता रानी मठ समेत अन्य मंदिरों में सुबह से भक्तों की लाइनें लगी रही। लोगों ने माता के दर्शन कर सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। मंदिरों में रात तक माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। तेल मिल काॅलोनी स्थित मंदिर पर यज्ञ हवन किया गया।
