You will not be able to go to Ayodhya even on foot from today, security is strict

गाड़ियों की जांच करती पुलिस

अमेठी। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर रविवार की सुबह आठ बजे से 23 जनवरी की दोपहर 12 बजे तक अयोध्या जाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। सिर्फ आमंत्रण पत्र वालों को अयोध्या जाने दिया जाएगा। इतना ही नहीं, समूह में कोई पैदल भी जिले की सीमा से अयोध्या की ओर नहीं जा सकेगा। इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा का घेरा सख्त कर दिया है।एसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर रूट डायवर्जन पहले से जारी कर दिए गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर यातायात पर कोई बदलाव नहीं है। कई अन्य मार्गों पर यातायात की व्यवस्था बदली गई है।

वहां पर पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। अयोध्या से सटे इलाकों में स्थानीय पुलिस के साथ ही पीएसी को भी लगाया गया है। घाटों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जा रहा है।

सीओ अतुल सिंह ने बताया कि आठ स्थानों पर शुक्रवार की शाम से ही भारी वाहनों के अयोध्या जाने पर रोक लगा दी गई है। अन्य वाहनों की जांच करके ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है।

इनसेट

समझ में नहीं आ रहा किधर जाएं

फोटो-16

जगदीशपुर। मथुरा से एक साथ तीन गाड़ियों में टैंकर में तारकोल लेकर गोरखपुर जा रहे टैंकर चालक पवन कुमार व रविन्द्र कुमार काफी परेशान थे।

बताया कि हर प्वाइंट पर जगह-जगह गाड़ियां चेक हो रही हैं। सड़क निर्माण के लिए तारकोल लेकर जा रहे हैं। कोई कहता है कि इधर से जाओ, कोई कहता है उधर से जाओ। कहीं पर कोई अलग से संकेतक नहीं बने हैं। इसी में भटक रहे हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पकड़ना है।

उतेलवा मोड़ पर बने चेक पोस्ट पर पुलिस कर्मियों ने सुबह से भटक रहे ड्राइवरों को बताया कि यहां से निकल कर जगदीशपुर के आगे हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आजमगढ़ के रास्ते आगे जाने का रास्ता है।

पास होगा तभी जा पाएंगे

बाजार शुकुल। गोमती नदी स्थित रीछ घाट पर बने अयोध्या जनपद के बॉर्डर पर सुबह 9 बजे से मौरंग लदी ट्रक खड़ी है। चालक नितिन यादव का कहना है कि पुलिस कर्मी कह रहे हैं कि जहां गाड़ी जा रही है, उनको बुला लीजिए। पास होगा तभी गाड़ी अंदर जाएगी।

दूसरे ट्रक चालक कयूम अहमद का कहना है कि हैदरगढ़ से मौरंग लेकर सुबह 9 बजे से गोमती नदी पर बने पुलिस बैरियर पर खड़े हैं। बाबा बाजार में मौरंग गिराना है, व्यापारी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि व्यापारी आकर पास दिखाएं तभी बड़ी गाड़ी जाने पाएगी।

उमापुर निवासी सपिकअप चालक राहुल कुमार सुबह अमेठी के पूरे जीत तिवारी निवासी शोभित के घर से धान, गेहूं, चावल खरीद कर वापस जा रहे थे। दोपहर 12.25 बजे बैरियर पर पुलिस ने रोक लिया, जांच करने के बाद छोड़ दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *