मैनपुरी। तमाम शिकायतों के बाद भी जिले में झोलाछापों की दुकानें बंद नहीं हो पा रही। झोलाछाप के गलत इंजेशन से एक युवक की जान चली गई। परिजन ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है।

थाना भोगांव क्षेत्र के आलीपुर खेड़ा गांव निवासी बृजेश कुमार (45) पुत्र प्रेमचंद्र कचौड़ी और समोसे की दुकान लगाता था। बृजेश बुधवार की शाम दुकान पर बैठा था। अचानक उसे सीने में दर्द हुआ। परिजन उसे आलीपुरखेड़ा में ही एक झोलाछाप के पास ले गए। यहां झोलाछाप ने बृजेश को इंजेक्शन लगा दिया इसके बाद बृजेश की हालत और बिगड़ गई। परिजन कुछ समझ पाते कि बृजेश को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

परिवार के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक बृजेश की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बृजेश के भाई आशीष का कहना है कि झोलाछाप के गलत इंजेक्शन से उसके भाई की मौत हुई है। उसने कहा कि वह मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करेगा।

विभाग की लचर कार्रवाई बन रही मुसीबत

जिले में इस साल अब तक झोलाछाप और अवैध क्लीनिकों पर आठ मरीजों की मौत हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। विभाग ने झोलाछापों पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की है। इस लिए झोलाछापों के मंसूबे बढ़ते जा रहे हैं और मरीजों की लगातार मौत हो रही है। विभाग यदि कठोर कार्रवाई करे तो झोलाछापों की दुकानें बंद हो सकें।

मामले की कोई शिकायत नहीं मिली है। शुक्रवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। -डॉ. आरसी गुप्ता, सीएमओ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें