अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शंकर सिंह बगीचा मोहल्ला निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसे गंभीर हाल में परिजनों के साथ पत्नी लेकर अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही पत्नी लापता हो गई। परिजन पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। काफी तलाशने पर पुलिस उस तक पहुंच सकी। पत्नी समेत दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। युवक के शव का भी पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना कोतवाली के शंकर सिंह का बगीचा मोहल्ला निवासी दीपक अहिरवार (28) पुत्र रामबाबू कोछा भांवर निवासी ठेकेदार के यहां मार्बल घिसाई करता था। दीपक की बहन पूजा एवं उसके भाई चंद्रशेखर का कहना है ठेकेदार दीपक को पैसा नहीं दे रहा था। बृहस्पतिवार को दीपक पैसा मांगने गया था। ठेकेदार ने दीपक की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल होने पर दीपक को घर के बाहर फेंककर आरोपी भाग निकला। दीपक की पत्नी की आरोपियों से मिलीभगत है।
आरोप है पत्नी ने दीपक के घायल होने की बात नहीं बताई। शनिवार सुबह घायल दीपक को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के मृत घोषित करने पर पत्नी वहां से लापता हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। परिजन दीपक की पत्नी पर आरोप लगाने लगे। उसे तलाशा जाने लगा लेकिन, उसका कहीं पता नहीं चला। सुराग लगाने पर पुलिस उस तक पहुंच सकी।
पुलिस ने उसके साथ ही दो ठेकेदारों को भी हिरासत में ले लिया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक ने परिजनों के आरोप को देखते हुए पूछताछ की जा रही है हालांकि छानबीन में मालूम चला कि दीपक शराब के नशे में था। नशे में गिरने की वजह से उसको चोट आई। साक्ष्य के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
