अलीगढ़ में देहलीगेट थाना क्षेत्र के मलिक चौक के पास बृहस्पतिवार की रात कुछ युवकों ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मलिक चौक स्थित शिव शक्ति स्कूल के पास दो पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते एक पक्ष के युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। दरोगा सचिन यादव की तहरीर पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फायरिंग करने वाले युवक कैमरे में साफ कैद मिले हैं। सीओ प्रथम संजीव कुमार के अनुसार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपियों की पहचान कर रही है।
