सपा अध्यक्ष लखनऊ में अलीगढ़ के सात छात्रों को लैपटॉप देते हुए।
लैपटॉप के जरिये पढ़ाई को बढ़ावा और मेधावियों के सम्मान के साथ सामाजिक प्रतिनिधित्व का संदेश। समाजवादी पार्टी ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के जरिये छर्रा विधानसभा तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश की।
.
यहां से जिला पंचायत सदस्य और सपा प्रदेश सचिव त्रिभुवन कुमार उर्फ बबलू होल्कर सात मेधावी छात्र-छात्राओं को लेकर लखनऊ पहुंचे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में सभी को लैपटॉप देकर सम्मानित किया।
सात नामों में दिखा सामाजिक समीकरण
इस सूची की खास बात सिर्फ सात मेधावी छात्रों का चयन नहीं, बल्कि इसमें शामिल अलग-अलग सामाजिक वर्गों के चेहरे भी हैं। शीतल सिंह (जाटव), अजीत कुमार (बघेल), दीपेश कुमार (यादव), गगन शर्मा (ब्राह्मण), समरीन (मुस्लिम), लोकेश (प्रजापति) और गुंजन (जाट) को इस कार्यक्रम के लिए चुना गया। यानी एक ही मंच पर अलग-अलग जातीय और धार्मिक पृष्ठभूमि के सात छात्र। सपा इसे मेधावियों के सम्मान और शिक्षा से जोड़ रही है, लेकिन स्थानीय राजनीति में इस चयन को सामाजिक प्रतिनिधित्व के नजरिये से भी देखा जा सकता है।
अखिलेश ने मांगी थी सात मेधावियों की सूची
बबलू होल्कर के मुताबिक, अखिलेश यादव ने छर्रा विधानसभा से सात मेधावी छात्र-छात्राओं का विवरण मांगा था। इसके बाद अलग-अलग कॉलेजों से इन विद्यार्थियों का चयन कर उनकी जानकारी भेजी गई। सभी सातों को लखनऊ बुलाया गया, जहां अखिलेश यादव ने उन्हें लैपटॉप देकर सम्मानित किया।
पुरानी लैपटॉप योजना की याद भी दिलाई
कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में शुरू हुई लैपटॉप वितरण योजना का भी जिक्र किया। बबलू होल्कर ने कहा कि लैपटॉप से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, तकनीकी ज्ञान और शैक्षणिक गतिविधियों में मदद मिलेगी। उन्होंने छात्रों को आगे भी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
छर्रा की राजनीति में क्या है संदेश?
इस आयोजन में बबलू होल्कर के साथ राजा गुप्ता, संदीप यादव, अमित प्रजापति, कौशल बघेल और अमित आदि मौजूद रहे। सात छात्रों को लैपटॉप वितरण का यह कार्यक्रम शिक्षा के सम्मान के साथ छर्रा में सपा की सामाजिक पहुंच का संदेश देने वाला आयोजन भी रहा। खास बात यह है कि सातों चेहरों के चयन में अलग-अलग समाजों की भागीदारी सामने आई है। हालांकि, इसे किसी व्यापक राजनीतिक समर्थन का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
