जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र के भैलावली गांव में एक ही रात में दो घरों में लाखों की चोरी हो गई। चोर छत के रास्ते घरों में घुसे और बक्सों व अलमारी के ताले तोड़कर जेवर और नकदी ले गए। परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे, उन्हें पता नहीं चला।
.
गल्ला व्यापारी कृष्णा सिंह यादव उर्फ नीटू के घर से चोर एक लाख रुपये नकद, सोने की दो चूड़ियां, मंगलसूत्र, दो जंजीरें, झुमकी, छह अंगूठियां और चांदी के जेवर चुरा ले गए। सुबह बेटी दीक्षा के जागने पर चोरी का पता लगा।

इसके बाद चोरों ने रामवीर पाल के घर को निशाना बनाया। यहां से सोने का बाला, नाक की बाली, चांदी की पायल, पांच जोड़ी बिछुआ, पांच चांदी के सिक्के और दस हजार रुपये नकद चोरी हुए। रामवीर की बेटी की शादी होने वाली है, जिससे परिवार चिंतित है।
सूचना पर थाना प्रभारी केपी सरोज, उपनिरीक्षक जितेंद्र और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच कर सबूत जुटाए। बीते चार महीनों में इलाके में छह चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।

