जागरण संवाददाता, वाराणसी। आइपीएस अधिकारी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वर्तमान में वह लखनऊ रेंज के आइजी के पद पर तैनात हैं। मूल रूप से केरल के त्रिवेंद्रम के निवासी किरण एस तकनीकी शिक्षा में एमटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स) हैं। पुलिस सेवा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाने का अनुभव रखने वाले किरण एस एसपी सीबीआइ और एसपी रेलवे भी रह चुके हैं।
हालांकि किरण एस का वाराणसी से पुराना जुड़ाव रहा है। वह वर्ष 2010 से 2012 तक यहां एएसपी के पद पर तैनात थे। करीब 14 साल बाद एक बार फिर उनकी वाराणसी में वापसी हो रही है, लेकिन इस बार जिम्मेदारी कहीं बड़ी होगी। पूर्वांचल में यह उनकी पहली तैनाती मानी जा रही है। सीबीआइ, रेलवे और रेंज स्तर पर काम करने का उनका अनुभव अब वाराणसी की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग में काम आएगा।
