आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव वहरामपुर में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बृहस्पतिवार सुबह मायका पक्ष के लोग गांव पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी देवेंद्र सिंह की 24 वर्षीय पुत्री सोनम की शादी करीब दो वर्ष पहले वहरामपुर निवासी रिंकू उर्फ रिपसुदन के साथ हुई थी। सोनम का आठ माह का एक बेटा भी है। परिजन के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे सोनम का शव कमरे में रस्सी के सहारे लटका मिला। इसकी सूचना बृहस्पतिवार सुबह मायका पक्ष को मिली तो बड़ी संख्या में परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सोनम की मौत को संदिग्ध बताते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया। 

सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को समझाकर शांत कराया। मायका पक्ष के लोगों का कहना है कि सोनम करीब दो माह की गर्भवती भी थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया की मृतका का पति शराब पीने का आदी बताया गया है। पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया गृहक्लेश के चलते विवाहिता ने आत्महत्या किए जाने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *