बुंदेलखंड की पठारी धरती पर मंगलवार की रात सात घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने जमकर तबाही मचाई। सड़कों पर तीन से चार फीट तक जलभराव होने से पानी घरों और दुकानों में घुस गया। कहीं पुलिया तो कहीं सड़कें बह गईं। शहर का कीरत सागर व श्रीनगर का दाऊ तालाब उफनाने से बस्ती में पानी घुस गया। कीरत सागर तालाब का ओवरफ्लो पानी सड़क के ऊपर से बहने से आवागमन ठप रहा। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर दूसरे मार्गों से वाहनों की निकासी कराई।

मंगलवार को दिन में हुई बारिश के बाद शाम सात बजे से तेज बारिश हुई। रात दो बजे तक लगातार तेज बारिश होने से शहर के लवकुशनगर तिराहा, शुक्रवारी बाजार मार्ग, रोडवेज के पास समेत विभिन्न स्थानों पर सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया। घरों में पानी घुसने से आक्रोशित लवकुशनगर तिराहे के लोगों ने बुधवार की सुबह सड़क पर जाम लगा दिया। सीओ रविकांत गोंड, नायब तहसील और पालिका ईओ मौके पर पहुंचे। लोगोंं का आरोप था कि 300 घरों में पानी घुसने से उनकी गृहस्थी बर्बाद हो गई। इसके बाद जेसीबी से बंद पड़े नाले व नालियों की सफाई कराकर जलनिकासी शुरू कराई गई। एक घंटे बाद जाम खुल सका।

बारिश से कीरत सागर के उफनाने से सड़क पर अत्यधिक पानी आ गया इससे बिलवई चुंगी के पास बैरिकेडिंग लगानी पड़ी। सुबह से शाम तक यह मार्ग बंद रहा। ऐसे में इस मार्ग पर शहर का फतेहपुर बजरिया, प्रेमनगर, करहरा और चरखारी से संपर्क कट गया। चरखारी जाने वाले वाहनों को महोबा-सूपा मार्ग से आवाजाही करनी पड़ी। वहीं, कीरत सागर का ओवरफ्लो पानी से शहर का यशोदा नगर रोड पूरी तरह जलमग्न हो गया।

वहीं स्टेशन पर रोड पर स्थित आलमपुरा वार्ड में सड़कें जलमग्न रहीं। चार से फीट तक मकान डूबे रहे। पानी में कई लोगों की बाइकें व छोटे चार पहिया वाहन तक बंद हो गए। स्टार्ट न होने से लोग घसीटकर ले जाने को मजबूर रहे। वहीं, एडीएम, एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय, पालिका ईओ अवधेश कुमार ने शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर स्थिति का जायजा लिया और जल निकासी की व्यवस्था कराई। उधर, दिसरापुर से महोबा जाने वाले रास्ते पर छह माह पहले बनी पुलिया व सड़क पानी के तेज बहाव में बह गई। इससे ग्रामीणों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। कुछ यही हाल बीजानगर मार्ग का रहा। यहां बारिश का पानी गांव मेंं घुस गया। वहीं सड़केंं डूबी रहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें