Etawah: Security guard murdered, body stuffed in a trunk; daughter missing

जानकारी करती पुलिस
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर शव बक्से में बंद कर दिया गया। रविवार दोपहर मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर तलाशी ली तो बक्से में शव मिला। शव फूल चुका था और बक्से में खून भी मिला है। गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। गार्ड के साथ रहने वाली बेटी लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।


श्याम सुंदर (55) टीबी अस्पताल के पीछे स्थित कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 14 के मकान नंबर 215 में रहते थे। वह एसके एजेंसी के माध्यम से पुरानी प्रकाश टाकीज के पास स्थित एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। पड़ोस के मकान नंबर 216 में रहने वाली हसीना बेगम ने बताया कि शनिवार को मकान से दुर्गंध आने पर उन्हें लगा कि कोई चूहा मरा होगा। रविवार दोपहर दुर्गंध तेज होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर तलाशी ली तो बक्से में श्याम सुंदर का शव बरामद हुआ। शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन बक्से में खून मिला है। सूचना पर एसपी सिटी बबीता सिंह, सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

पिता की हत्या के बाद बेटी लापता, बहन ने जताया शक

श्याम सुंदर की बड़ी बेटी काजल औरैया के भीखनपुर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मां शशि करीब दस साल से पिता से अलग भरथना चौराहे पर रहती हैं, उनका तलाक हो चुका है। सबसे छोटी बहन खुशी मां के साथ रहती है, जबकि दूसरे नंबर की बहन पूजा पिता के साथ रहती थी। पांच दिन पहले पिता से बात हुई थी। वह उन्हें बुला रहे थे। इसके बाद कई बार फोन मिलाया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। रविवार दोपहर मां ने फोन कर पिता का शव मिलने की जानकारी दी। काजल ने बताया कि उन्होंने बहन पूजा को शादी से पहले एक युवक से बात करते पकड़ा था। इसी आधार पर उन्होंने बहन पर शक जताया है।

कंपनी के फोन पर तलाश में पहुंचा चचेरा भाई

सरैया सराय दयानत निवासी मान सिंह ने बताया कि श्याम सुंदर उनके चचेरे भाई थे। श्याम सुंदर ने उनकी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी लगवाई थी। श्याम सुंदर ने 21 अक्तूबर को होटल में दिन की ड्यूटी की थी। 22 अक्तूबर को उनका फोन बंद होने पर कंपनी से मान सिंह के पास जानकारी करने के लिए कॉल आई थी। वह कॉलोनी पहुंचे तो मकान पर ताला लगा मिला।


श्याम सुंदर की लापता बेटी पूजा की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – बबीता सिंह, एसपी सिटी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें