इटावा: यूपी के इटावा में रिश्वत मांगने के आरोप में एक दरोगा को निलंबित कर दिया गया है. मामला बकेवर थाना क्षेत्र की अहेरीपुर चौकी का है. यहां तैनात चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी पर एक रिटायर्ड महिला स्वास्थ्यकर्मी और उसके बेटे से रिश्वत लेने का आरोप है. आरोप है कि दरोगा ने 15 हजार रुपये नकद के अलावा करीब 10 हजार रुपये का प्रोटीन, क्रिएटिन और कॉफी पाउडर भी लिया. इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा और उसने दोबारा प्रोटीन पाउडर की मांग कर दी. इस पूरे मामले से जुड़े ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई हुई और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दरोगा को निलंबित कर दिया.

मामला इटावा जिले के बकेवर इलाके के जगमोहनपुर गांव का है. यहां मकान पर कब्जे और दीवार निर्माण को लेकर अदालत के आदेश से जुड़ा विवाद चल रहा था. इसी मामले में रिटायर्ड महिला स्वास्थ्यकर्मी और उसके बेटे से रिश्वत मांगने का आरोप दरोगा पर लगा है.

इटावा के एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बकेवर इलाके की अहेरीपुर चौकी के प्रभारी अमरकांत त्यागी के खिलाफ रिश्वत की शिकायत आई है. जिसके बाद जांच के बाद आरोपी दारोगा को निलंबित किया गया है पूरे प्रकरण की जांच इटावा के सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह को दी गई है. असल में अदालत के आदेश के बाद मकान की दीवार निर्माण के एवज में दरोगा ने रिश्वत में प्रोटीन पाउडर के अलावा अन्य कुछ जरूरी चीजों की मांग शिकायतकर्ता से करना शुरू कर दिया.

पीड़ित परिवार ने वायरल किया मामला
जब दरोगा की मांग अधिक शुरू हो गई तो पीड़ित परिवार ने पूरे मामले वायरल कर दिया. जिसके बाद एसएसपी ने रिश्वतखोर दरोगा अमरकांत त्यागी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इटावा जिले के बकेवर इलाके की अहेरीपुर चौकी के प्रभारी अमरकांत त्यागी को निलंबित करने से पहले भरथना के पुलिस क्षेत्राधिकार आर.डी.मौर्य से पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई, प्रारंभिक तौर पर जांच में दोषी पाए जाने पर एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दरोगा अमरकांत त्यागी को निलंबित कर दिया है.

प्रोटीन, क्रिएटिन और कॉफी पाउडर मांगने का आरोप
इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच इटावा के को सिटी अवनीश कुमार सिंह को दी गई है. जो अब रिश्वतखोरी के इस अजीबोगरीब मामले की गहन जांच करने में जुटे हुए हैं. इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र की अहेरीपुर चौकी के प्रभारी पर रिश्वत के साथ प्रोटीन, क्रिएटिन और कॉफी पाउडर मांगने का आरोप लगा है. पुलिस की कार्यशैली से परेशान मां-बेटे एसएसपी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की मांग की. पीड़ित का आरोप है कि चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी उनसे पहले रुपये और सामान ले चुके हैं, इसके बावजूद अब दोबारा प्रोटीन पाउडर और बड़े अधिकारियों के लिए मिठाई की व्यवस्था करने का दबाव बना रहे हैं.

दरोगा फोन करके कहता था- मेरा प्रोटीन खत्म हो गया
पीड़ित बृजेंद्र कुमार का कहना है कि चौकी प्रभारी उनसे रिश्वत के नाम पर नकदी के साथ खाने-पीने का सामान भी मांगते हैं. एक बार करीब 10 हजार रुपये का सामान और 15 हजार रुपये नकद दिए जा चुके हैं. प्रोटीन क्रेटीन कॉफी का बिल भी उसके पास है. अब दरोगा फोन करके कह रहे हैं कि उनका प्रोटीन खत्म हो गया है और काम करने के लिए ताकत की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा बड़े अधिकारियों के लिए मिठाई की व्यवस्था करने को भी कहा जा रहा है.

2010 में हो गया था पीड़ित के घर पर कब्जा
बृजेंद्र के मुताबिक उनकी मां माया देवी स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हैं. उन्होंने बकेवर क्षेत्र के जगमोहनपुर चौकी अहेरीपुर में कई साल पहले एक मकान खरीदा था. वर्ष 2010 में उनके जेठ के बेटे निरंजन लाल और सर्वेश कुमार ने कथित तौर पर मकान की दीवार तोड़कर परिवार समेत उस पर कब्जा कर लिया था. नौकरी के चलते माया देवी अपने इकलौते बेटे के साथ इटावा में किराये पर रहती थीं. मकान खाली कराने के लिए कई बार कहने के बाद भी जब कब्जा नहीं छोड़ा गया तो उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया.

2026 को वापस मिला मकान का कब्जा
पीड़ित के अनुसार लंबे समय तक मुकदमा चलने के बाद 18 मार्च 2026 को न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने मकान खाली करवाकर उन्हें कब्जा दिलाया था. आरोप है कि इसके अगले महीने से ही सर्वेश कुमार और उनके परिवार के लोग दोबारा परेशान करने लगे. मकान के बाहर चबूतरे पर भैंस बांधने के साथ लकड़ी, चारा और अन्य सामान रख दिया गया. इससे रास्ते और मकान के इस्तेमाल में परेशानी होने लगी.

बृजेंद्र का आरोप है कि मकान के बाहर बाउंड्री और दरवाजा लगवाने का प्रयास किया तो विपक्षियों ने दीवार तोड़ दी. इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूसरे पक्ष को चेतावनी दी थी. आरोप है कि कुछ दिन बाद जब वह दोबारा दीवार बनवाने पहुंचे तो सर्वेश कुमार के परिवार के पांच लोगों ने उनकी और उनकी मां की पिटाई कर दी. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ की एक उंगली टूट गई.

बृजेंद्र का कहना है कि खून से लथपथ हालत में वह अपनी मां के साथ अहेरीपुर चौकी पहुंचे, जिसके बाद उनको महेवा सीएचसी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया गया. देर रात सर्वेश समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ. आरोप है कि घटना के दो दिन बाद दूसरे पक्ष ने पुलिस से सांठगांठ कर उनकी बुजुर्ग मां समेत चार लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करवा दिया, जबकि मारपीट में घायल वह खुद हुए थे और उनकी उंगली टूट गई थी.

पीड़ित का आरोप है कि अहेरीपुर चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी दर्ज मुकदमे में उंगली टूटने की धारा बढ़वाने, उनके ऊपर लगे झूठे मुकदमें को खत्म करवाने और मकान की बाउंड्री बनवाने में मदद करने के नाम पर रुपये, मिठाई और प्रोटीन-क्रिएटिन पाउडर मांग रहे हैं. मां-बेटे का कहना है कि एक तरफ परिवार के लोग मकान पर कब्जे को लेकर परेशान कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस से मदद मांगने पर भी कथित रूप से पैसों और सामान की मांग की जा रही है. एसएसपी कार्यालय पहुंचे मां-बेटे ने पूरे मामले की शिकायत कर चौकी प्रभारी के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की. साथ ही मकान के बाहर बाउंड्री वॉल और दरवाजा लगवाने में सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई.



Source link

अभी अभी की खबरें