इटावा के बलरई थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि खेलकर घर लौट रही बच्ची को आश्रम के पास मौजूद अजब सिंह ने पकड़ लिया और खेत की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

.

बुधवार सुबह बच्ची ने पिता को घटना की जानकारी दी। सूचना पर सीओ सैफई, थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

आश्रम के पास से बच्ची को पकड़ने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम बच्ची खेलकर घर लौट रही थी। इसी दौरान आश्रम के पास अजब सिंह पुत्र दाताराम ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि वह बच्ची को खेत की ओर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना के बाद बच्ची घर नहीं पहुंची और अगले दिन दोपहर घर लौटी। इसके बाद उसने कपड़े बदले और खेत में बनी मड़ैया में पड़ोसी के यहां चली गई। शाम को वह पिता के साथ घर पहुंची।

बुधवार सुबह पिता को बताई पूरी घटना

बुधवार सुबह बच्ची ने पिता को घटना के बारे में बताया। बच्ची की बात सुनकर परिवार में हड़कंप मच गया। पिता ने आसपास के लोगों को जानकारी देने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सैफई कुशल पाल, बलरई थानाध्यक्ष आलोक कुमार और बढ़पुरा थानाध्यक्ष कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए सबूत

पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद बच्ची को महिला कांस्टेबल के साथ थाने भेजा गया, जहां से उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाईं

पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उसके बारे में जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी जेल जाने की बात सामने आई

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी साधु के भेष में रहता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसके साधु के भेष में घूमने की बात सामने आई है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और वर्तमान गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

परिवार की परिस्थितियों की भी जांच

पुलिस बच्ची के परिवार की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटा रही है। बताया गया है कि उसकी मां की करीब तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है और पिता मेहनत-मजदूरी करते हैं। ग्रामीणों ने पिता पर शराब का आदी होने और बच्चों के साथ मारपीट करने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी ने परिवार की परिस्थितियों का फायदा तो नहीं उठाया।

सीओ बोले- दर्ज हुआ मुकदमा

सीओ सैफई कुशल पाल ने बताया कि बलरई क्षेत्र में बच्ची के साथ गलत काम किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को महिला कांस्टेबल के साथ चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें