उत्तर प्रदेश/गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस ने मां-बेटी की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू उर्फ परवेज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार , आरोपी 23 नवंबर को हुई दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
मीडिया जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने नंदगंज पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
क्या है पूरा मामला?
23 नवंबर की देर रात गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में मां और बेटी की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी सोनू उर्फ परवेज नाम के आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपी के पास से हथियार बरामद


पुलिस के अनुसार , गिरफ्तार आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, एक खोखा,एक जिंदा कारतूस,हत्या में इस्तेमाल चाकू और मृतका का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। वहीं घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
