उरई जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में अधिक बारिश से फसल खराब होने और कर्ज की चिंता से परेशान किसान ने खेत में बबूल के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार को खेत में किसान का शव पेड़ से लटका मिलने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कुठौंद थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव निवासी गया प्रसाद (56) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपनी जमीन के साथ बलकट पर भी खेत लेकर फसल बोई थी। खेती में लगी लागत के लिए उन्होंने कर्ज भी लिया था। इस वर्ष लगातार हुई बारिश से खेतों में खड़ी फसल खराब हो गई थी। इससे वह आर्थिक परेशानी और कर्ज चुकाने को लेकर चिंतित थे। गुरुवार को गया प्रसाद खेत पर गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
