वर्ष 2020 के शिक्षक एमएलसी चुनाव में मिली हार की कसक को पीछे छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी चुनाव के लिए अपनी रणनीति पूरी तरह बदल दी है। पार्टी ने इस बार शिक्षक और स्नातक दोनों एमएलसी सीटों पर परचम लहराने के लिए ठोस रोडमैप तैयार कर काम शुरू कर दिया है।
पार्टी ने इस बार चुनाव प्रचार और जनसंपर्क को बेहद सूक्ष्म और व्यक्तिगत स्तर पर ले जाने की योजना बनाई है। भाजपा नेतृत्व ने अपने सभी विधायकों और सांसदों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और प्रभावशाली शिक्षकों को चिह्नित कर उनसे सीधा संपर्क साधने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी ने ब्रज क्षेत्र स्तर से लेकर जिला, महानगर के पदाधिकारियों को भी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंच बनाने का स्पष्ट लक्ष्य थमाना शुरू कर दिया है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से लेकर मतदान के दिन तक प्रत्येक मतदाता से जीवंत संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।
भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने बताया कि हर संगठनात्मक जिले में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व तय कर दिया गया है। सभी को निश्चित लक्ष्य सौंपा जा रहा है, जिसकी दैनिक आधार पर उच्च स्तर से निगरानी (मॉनिटरिंग) की जाएगी। फीडबैक के अनुसार ही आगे की चुनावी रणनीति में आवश्यक बदलाव और सुधार किए जाएंगे। वहीं, पार्टी ने एमएलसी व प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे को भी ब्रज क्षेत्र की दोनों सीटों पर जीत हासिल करने के लिए तैनात कर दिया है।
जिला शिक्षक मतदाता स्नातक मतदाता
आगरा 15,788 23,594
फिरोजाबाद 3,075 13,430
मथुरा 6,694 10,642
अलीगढ़ 7,047 36,864
एटा 1,970 19,289
मैनपुरी 2,322 11,496
इटावा 3,929 19,526
फर्रुखाबाद 1,880 6,043
कासगंज 1,291 9,621
हाथरस 2,566 12,652
औरैया 2,423 10,157
कन्नौज 1,820 6,978
