अलीगढ़ में खैर क्षेत्र के गांव मथना की रहने वाली सत्यवती पिछले 17 साल से अपने पति योगेंद्र उर्फ सोनू की तलाश में है। पति 2009 से लापता है, और इतने वर्षों बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। अब एसएसपी ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
सत्यवती की शादी वर्ष 2007 में योगेंद्र से हुई थी। कुछ समय बाद दंपती के बीच विवाद हुआ और 2008 में वह तीन माह के बेटे के साथ अपने मायके इगलास के मोहकमपुर चली गई। इसके बाद पति से संपर्क पूरी तरह टूट गया। सत्यवती बताती हैं कि 2019 में जब वह ससुराल लौटी तो पता चला कि पति 2009 से लापता हैं। गांव में चर्चा रही कि जिस दिन वह गायब हुए, उस दिन अपनी आठ बीघा जमीन के बैनामे के लिए घर से निकले थे, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटे।
वर्षों तक सत्यवती ने उम्मीद बनाए रखी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अब उनका बेटा 17 साल का हो चुका है और इंटर की पढ़ाई कर रहा है। बेटा भी पिता के बारे में सवाल करता है और मां को अधिकारियों के पास जाने के लिए कहता है।
सत्यवती का कहना है कि कई बार थाने और चौकी के चक्कर लगाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वह आज भी मेहनत-मजदूरी और पशुपालन के सहारे बेटे का पालन-पोषण कर रही है। एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि महिला की शिकायत पर खैर थाने में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं और पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच कर हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।
