शाहजहांपुर में दुकानदार पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। 11 साल की बेटी को भी गला दबाकर मारने की कोशिश की। पिता की हैवानियत देखकर 16 साल की दूसरी बेटी डर गई। उसने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई।
.
इसके बाद कमरे से अपने चाचा को कॉल कर पूरी बात बताई। चाचा की सूचना पर पहुंची पुलिस मां-बेटी को मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां पत्नी की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी की हालत गंभीर है। वह ICU में भर्ती है।
वहीं, यह सब करने के बाद भी पिता भागा नहीं, घर में ही बैठा रहा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पिता ने बताया कि उसकी दुकान नहीं चलती थी। इसलिए वह पूरे परिवार को मारकर खुद भी सुसाइड करने वाला था।
घटना जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर रोजा थाना क्षेत्र की सोमवार रात 1 बजे की है।
2 तस्वीरें देखिए-

घायल बेटी अंजलि की हालत गंभीर है। उसका ICU में इलाज चल रहा है।
अब जानिए पूरा मामला
आदर्श नगर कॉलोनी में कमलेश, पत्नी सीमा (40) और बेटियों कोमल उर्फ अनन्या (16) और अंजलि (11) के साथ रहता है। कमलेश परिवार के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहता था। उसके पिता और परिवार के लोग नीचे रहते हैं। कमलेश की घर के पास ही इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है।
वह इन दिनों कारोबार को लेकर परेशान था। उस पर लाखों रुपए का कर्ज भी था। इसी बात को लेकर सोमवार रात 12:30 बजे पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद कमलेश ने पत्नी और बेटियों को पीटना शुरू कर दिया। उसने पत्नी को फर्श पर गिराकर उसका गला घोंट दिया।
मां की चीख सुनकर छोटी बेटी अंजलि उसे बचाने पहुंची, तो कमलेश ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह बड़ी बेटी कोमल की ओर दौड़ा, लेकिन उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया।

महिला की हत्या के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते घरवाले और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे।
बोला- सभी को मारकर खुद सुसाइड कर लेता
पुलिस के अनुसार, कमलेश पत्नी सीमा के साथ बरामदे में लेटा था। दोनों बेटियां कमरे में सो रही थीं। इसी बीच उसने चुपके से उठकर बिजली के तार से सीमा का गला घोंट दिया।
इसके बाद कमलेश ने बच्चों के कमरे का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही छोटी बेटी अंजलि ने कमरा खोला, तो उसे बाहर खींच लिया और उसका भी गला दबा दिया था। अंजलि बेहोश हो गई, तो उसे लगा कि वो मर गई है।
यह सब देखकर बड़ी बेटी कोमल ने जल्दी से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कमलेश ने बयान दिया है कि वह खुद भी सुसाइड करने वाला था, लेकिन नहीं कर पाया।

बोला- छोटी दुकान से गुजारा नहीं हो पा रहा था
कमलेश ने बताया- मेरी 2 बेटियां हैं। इलेक्ट्रॉनिक की एक छोटी-सी दुकान है। इससे परिवार का गुजारा नहीं हो पा रहा था। मैं चाहता था कि बड़ा कारोबार कर परिवार को अच्छा जीवन दूं। लेकिन, आर्थिक तंगी और कर्ज की वजह से ऐसा नहीं हो पा रहा था। इसीलिए पत्नी और बेटियों को मारकर खुद जान देने का फैसला किया था।

कमलेश के पिता रमेश ने बताया- मैंने बेटे को कभी पत्नी से झगड़ा करते नहीं देखा।
पिता बोले- बेटे-बहू में कभी झगड़ा होते नहीं देखा
कमलेश के पिता रमेश चंद्र गुप्ता ने बताया- हम लोग मकान के नीचे रहते हैं, जबकि बेटा कमलेश परिवार के साथ ऊपर रहता है। बेटे-बहू के बीच कभी कोई झगड़ा होते नहीं देखा। अगर कोई बात होती, तो वह हमें बताता। पता नहीं आपस में ऐसा क्या हुआ कि कमलेश ने यह कदम उठा लिया।

सीमा के भाई अशोक ने बताया कि कल बहन से फोन पर बात हुई थी। उसने झगड़े की बात नहीं बताई थी।
भाई बोले- बहन ने झगड़े की बात नहीं बताई
सीमा के भाई अशोक ने बताया- सोमवार शाम बहन से फोन पर बात हुई थी। वह भाईदूज पर आने की बात कर रही थी। लेकिन, उसने किसी झगड़े की बात नहीं बताई थी। बातचीत से भी ऐसा नहीं लगा कि वह परेशान है।
मंगलवार सुबह फोन आया कि जल्दी अस्पताल पहुंचो। इसके बाद बड़ी भांजी से बात की, तो उसने बताया कि पापा ने मम्मी को मार दिया है।

एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया-

शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया। उसने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, जबकि बेटी का भी गला दबाकर मारने की कोशिश की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

