Last Updated:
Etawah News: यूपी के इटावा जिले में पड़ोस की रहने वाली महिला ने ही घर में रखे लाखों के जेवरात की जानकारी अपने साथियों को दी और फिर चोरी की पूरी साजिश रच डाली. इटावा पुलिस ने चोरी की इस वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
इटावा में चोरी
इटावा: सोने-चांदी के जेवरातों की फोटो व्हाट्सएप स्टेटस पर डालने से पहले सौ बार जरूर सोचिएगा, क्योंकि आपके स्टेटस पर सिर्फ दोस्त और रिश्तेदार ही नहीं, चोर भी नजर गड़ाए बैठे हो सकते हैं. आपकी दौलत की नुमाइश चोरों को चोरी को न्योता दे सकती है. ऐसा ही एक मामला यूपी के इटावा में देखने को मिला है, जहां पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, 2 लाख 32 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है.
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके के प्रकाश नगर में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पड़ोस में रहने वाली महिला ने घर में रखे लाखों के जेवरात की जानकारी अपने साथियों को दी और फिर चोरी की पूरी साजिश रच डाली. इटावा पुलिस ने चोरी की इस वारदात का खुलासा करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
आरोपियों के पास से मिली ये चीजें
इनमें दो शातिर चोर, एक महिला और चोरी के जेवरात खरीदने वाला सुनार शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, 2 लाख 32 हजार रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के जेवरात अलग-अलग सुनारों को बेच दिए थे. चोरी की रकम कर्ज चुकाने, जुआ खेलने और मौज-मस्ती में खर्च की गई. आगरा के माही ज्वैलर्स के मालिक विजय माने की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है.
पड़ोस की महिला को थी जानकारी
दरअसल मामला फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, मेहरा चुंगी का है. यहां मार्च महीने में सीमा देवी के मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई थी. पुलिस के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाली पूजा यादव को घर में रखे कीमती जेवरात की जानकारी थी. उसने गौतम यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई. इसके बाद गौतम, आसिफ और पूजा ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. 24 और 25 नवंबर की रात एसओजी, सर्विलांस और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.

