Kanpur: Rs 25 lakh worth of items stolen from retired officer’s home just 50 metres from police outpost

खुली अलमारी दिखाता पीड़ित
– फोटो : अमर उजाला

किदवईनगर की लाल कॉलोनी चौकी से महज 50 मीटर दूर सेवानिवृत्त अफसर के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 25 लाख जेवर और नकदी पार कर दी। चोरों ने उसी अलमारी में रखी लाइसेंसी पिस्टल को हाथ तक नहीं लगाया। पुलिस को घटना में किसी करीबी के शामिल होने की आशंका है।


जूही लाल कॉलोनी निवासी अखलाक अहमद रक्षा मंत्रालय में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद से सेवानिवृत्त हैं। सोमवार को वह पत्नी और दो बेटों फरजान व अरबाज के साथ रिश्तेदार की शादी में सुल्तानपुर गए थे। मंगलवार दोपहर पड़ोसी ने मकान का गेट खुला होने की जानकारी दी। देर शाम लौटने पर बेटे अरबाज ने अलमारी का लॉकर टूटा पाया। उसमें रखे तीन लाख रुपये, सोने-चांदी के सिक्के और गहने गायब थे। परिवार के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत करीब 25 लाख रुपये है।

थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि चोर केवल उसी कमरे में पहुंचे, जहां अलमारी रखी थी। आशंका है कि चोर परिवार का कोई करीबी भी हो सकता है। घरवालों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि चार दिन पहले गोविंदनगर में मोबाइल की दुकान से हुई लाखों की चोरी का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।

 



Source link