फतेहपुर। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में छह नवंबर से बच्चों को सूजी का हलवा और उपमा वितरित किया जाएगा। सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छात्र को 30 ग्राम सूजी से तैयार हलवा या उपमा दिया जाएगा। इसके लिए प्रधान शिक्षकों को निर्धारित प्रारूप में छात्रों की संख्या सहित अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज करनी होंगी।
जिला समन्वयक एमडीएम आशीष दीक्षित ने बताया कि नवंबर माह में निर्धारित रोस्टर के अनुसार वितरण किया जाएगा। प्रथम और तृतीय सप्ताह में मीठा हलवा, द्वितीय, चतुर्थ और पंचम सप्ताह में उपमा दिया जाएगा। यह मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त होगा। हलवा के लिए प्रति छात्र सात रुपये और उपमा के लिए चार रुपये खर्च का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि प्रधान शिक्षकों को निर्धारित प्रारूप में माह में नामांकित और योजना से लाभान्वित छात्रों की संख्या दर्ज करनी होगी। वितरण के साक्ष्य के तौर पर फोटोग्राफ भी सुरक्षित रखने होंगे।
रसोइयों को प्रति छात्र दो रुपये की दर से अतिरिक्त पारिश्रमिक एकमुश्त एसएनए स्पर्श के माध्यम से दिया जाएगा। योजना की निगरानी जिला और विकासखंड स्तर पर गठित टास्क फोर्स करेगी। टीम विद्यालयों में पहुंचकर वितरण व्यवस्था का निरीक्षण करेगी।

