जीटी रोड पर अफीमकोठी में डॉट नाला धंसने के साथ पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त होने से जोन-5 के कई इलाकों में तीन दिन से जलापूर्ति ठप है। सोमवार को जोन-5 जलकल के अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे तो महिलाओं ने उन्हें घेर कर नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि छह बस्तियों के लोग जलभराव और पेयजल आपूर्ति ठप होने से परेशान हैं।
गुरुवार को बारिश के दौरान अफीमकोठी चौराहा से आगे पेट्रोल पंप के सामने सड़क तक करीब दस फीट गहरा और 12 फीट लंबा गड्ढा हो गया था। जांच में डॉट नाला धंसने की बात सामने आई। इससे जलकल की पेयजल लाइनें भी फट गईं थीं। विभाग ने खोदाई कर मरम्मत शुरू कराई लेकिन पानी कम नहीं होने से काम प्रभावित हो रहा है। इसका असर रामादेवी, कृष्णानगर समेत जोन-5 के कई इलाकों की जलापूर्ति पर पड़ा है। उधर बस्तियों में जलभराव से हालात खराब हैं। सोमवार को अधिकारी मौके पर पहुंचे तो महिलाओं ने हंगामा किया।
