अशोक नगर निवासी महिला के बैंक खाते से लाखों रुपये के लेनदेन और 50 लाख रुपये के नोटिस के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने बर्रा दो निवासी युवकों पर दो लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर उसके बैंक खाते खुलवाने, पासबुक, एटीएम और चेकबुक अपने पास रखने और खातों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक एटा से फोन आने पर जब उन्होंने उन लोगों से सवाल किया तो जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि जनवरी 2026 में मोहल्ले की एक युवती ने ब्यूटी पार्लर शुरू करने के लिए दो लाख रुपये का लोन दिलाने की बात कही। युवती ने उनकी मुलाकात बर्रा दो के मनीष मिश्रा और वेदांत से कराई। दोनों ने लोन कराने के नाम पर कोटक महिंद्रा बैंक, गोविंद नगर और एक्सिस बैंक में खाते खुलवाने के लिए आधार, पैन कार्ड, फोटो समेत दस्तावेज लिए। आरोप है कि कुछ सादे कागजों पर भी हस्ताक्षर करा लिए। उन्हें तीन महीने में लोन मिलने का भरोसा दिया। चार महीने बाद पूछने पर चार महीने और लगने की बात कही गई।
