कोंच। कोतवाली क्षेत्र के कैलिया रोड स्थित झलापठा इलाके में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब साढ़े चार हजार रुपये कीमत की सब्जियां और गुल्लक में रखे 500 रुपये चोरी कर लिए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान संचालक बब्बू कुशवाहा रोज की तरह मंगलवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा पड़ा था और उसे तोड़कर बगल में फेंका गया था। दुकान के पीछे प्लास्टिक की क्रेट भी पड़ी थी। अंदर जाकर देखा तो दुकान में रखीं सब्जियां और गुल्लक में रखी नकदी गायब थी। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के साथ सुरही चौकी इंचार्ज भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की तलाश में जुटी है। (संवाद)
