Man dies after falling from the second floor under suspicious circumstances, two years into a love marriage

युवक की फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पनकी के गंगागंज में दीपावली की रात पड़ोसी की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से सड़क पर गिरकर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो साल पहले प्रेम विवाह करने के बाद युवक पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। घटना से पहले दंपती के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। बेटे की मौत की जानकारी पर पहुंचे पिता ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने पूछताछ के लिए पत्नी को हिरासत में लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।


कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी दयाशंकर (30) पानी पूरी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पिता लल्लू, मां ज्ञानवती और बड़ा भाई प्रेमशंकर हैं। पिता के मुताबिक, दयाशंकर ने करीब दो साल पहले गांव की ही रहने वाली रामदुलारी से प्रेम विवाह किया था। परिवार के लोग इस शादी के खिलाफ थे। शादी के बाद दयाशंकर पत्नी के साथ पनकी के गंगागंज इलाके में किराये पर रहने लगा था। परिवार की नाराजगी के चलते बेटे से बातचीत भी बेहद कम हो गई थी।

पिता के अनुसार, रविवार रात दयाशंकर और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान वह पड़ोस की बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से नीचे सड़क पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर पिता मौके पर पहुंचे तो उन्हें घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। उनका कहना है कि दयाशंकर की मौत जिस तरह हुई, उससे उन्हें अनहोनी की आशंका है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।

सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर दंपती के बीच हुए विवाद और युवक के बिल्डिंग से गिरने की परिस्थितियों के बारे में पूछताछ शुरू की है। पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link