लगातार बारिश के चलते यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के प्लेऑफ मुकाबलों का आयोजन स्थल बदल दिया गया है। अब प्लेऑफ के मुकाबले ग्रीन पार्क के बजाय लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे। बारिश से पिच के व्यवहार में आए बदलाव और गेंद के असमान उछाल को देखते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर यूपी टी-20 गवर्निंग काउंसिल ने यह फैसला लिया है। सोमवार शाम ग्रीनपार्क में हुई प्रेसवार्ता में इसकी आधिकारिक घोषणा लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने दी।
उन्होंने बताया कि लीग का चौथा सीजन इकाना स्टेडियम से शुरू हुआ था। यहां पहले चरण के 22 मुकाबले खेले गए। इसके बाद 28 अगस्त से दूसरा चरण कानपुर में शुरू हुआ। ग्रीनपार्क में 12 मुकाबले प्रस्तावित थे, लेकिन बारिश के कारण कानपुर चरण प्रभावित रहा। अब तक निर्धारित पांच मैचों में चार ही हो सके, जबकि एक मुकाबला बारिश में धुल गया। बारिश के कारण मैदान को तैयार करने में ग्राउंड स्टाफ को भी लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
