राजस्थान के मेड़ता में सर्राफा दुकान से सोना चोरी के मामले में वांछित दो आरोपियों को आरपीएफ ने कानपुर सेंट्रल पर ट्रेन से पकड़ लिया। राजस्थान पुलिस से मिली सूचना और आरोपियों के फोटो के आधार पर आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 15633 में बुधवार को सघन चेकिंग कर दोनों को दबोच लिया।
आरपीएफ के थाना प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि चेकिंग के दौरान स्लीपर कोच में फोटो से दोनों की पहचान की गई। इसके बाद उन्हें ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल लाया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल निवासी संदीप कुमार मंडल और राजू शर्मा के रूप में हुई।
आरपीएफ ने तत्काल मेड़ता थाना पुलिस को सूचना दी। बृहस्पतिवार को राजस्थान पुलिस की टीम कानपुर सेंट्रल पहुंची। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दोनों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों आरोपी मेड़ता स्थित सर्राफा दुकान में काम करते थे और दुकान से सोना चोरी के मामले में वांछित थे। राजस्थान पुलिस चोरी गए सोने की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
