कालपी। कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव स्थित प्रसिद्ध देवपुरा माता मंदिर में बुधवार रात बदमाशों ने पुजारी को बंधक बनाकर मारपीट की और मंदिर से करीब एक क्विंटल वजन के पीतल के घंटे, 27 हजार रुपये और दान पेटियों की रकम लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने वारदात से पहले मंदिर में लगे आठ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। हालांकि, सीसीटीवी का डीवीआर उनकी नजर से बच गया। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
देवपुरा माता मंदिर उसरगांव मौजा में पूर्व विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन के ज्ञान ढाबे के पीछे स्थित है। मंदिर प्राचीन और आसपास के क्षेत्र में प्रसिद्ध है। मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम भी होते हैं। मंदिर की देखरेख समिति द्वारा की जाती है और पूर्व विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन समिति के अध्यक्ष हैं।
पुजारी रामजी के अनुसार, बुधवार रात करीब तीन अज्ञात युवक मंदिर में पहुंचे। आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट कर बंधक बना लिया। इसके बाद मंदिर में लगे आठ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। बदमाश मंदिर से करीब एक क्विंटल पीतल के घंटे, उनकी जेब में रखे 27 हजार रुपये और दान पेटियों में रखी रकम लेकर फरार हो गए।
दिन में भी मंदिर पहुंचे थे संदिग्ध युवक
पुजारी ने बताया कि जिन युवकों ने रात में वारदात को अंजाम दिया, वे दिन में भी मंदिर आए थे। इससे पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले मंदिर की रेकी की और रात में मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
गुरुवार सुबह श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो पुजारी को बंधा हुआ पाया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह और ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन यादव मौके पर पहुंचे और जांच की।
डीवीआर से मिल सकता है सुराग
बदमाशों ने मंदिर में लगे कैमरों के साथ टीवी और सेट टॉप बॉक्स को भी तोड़ दिया, लेकिन सीसीटीवी का मुख्य डीवीआर उनकी नजर से बच गया। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज से बदमाशों की पहचान में अहम सुराग मिल सकते हैं।
मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। सीओ राजेश कमल का कहना है कि चोरी होने की बात सामने आई है, सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध सामने आए हैं, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

फोटो – 17 सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ बदमाश। पुलिस
