उरई। झांसी-कानपुर रेलखंड पर उसरगांव और कालपी के बीच बुधवार रात रेलवे ट्रैक पर करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। डाउन ट्रैक पर शव का सिर धड़ से अलग पड़ा था।

मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष झांसी से बुधवार रात करीब 8:40 बजे सूचना मिली कि उसरगांव-कालपी के बीच किलोमीटर संख्या 1270/10 पर शव पड़ा है। इस पर आरपीएफ दरोगा अतुल कुमार व कोमल सिंह मौके पर पहुंचे। वहां ट्रैकमैन समीर और ज्ञान भारती चौकी के उप निरीक्षक विपिन कुमार यादव भी मौजूद मिले।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान डाउन ट्रैक पर सिर धड़ से अलग पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन कोई पहचान पत्र या यात्रा संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। (संवाद)

चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर गिरा किशोर, घायल

उरई। रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार सुबह नागपुर-समस्तीपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक किशोर प्लेटफॉर्म पर गिरकर घायल हो गया। आरपीएफ के जवानों ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।

बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:15 बजे उप निरीक्षक अनिल कुमार और कांस्टेबल ओम प्रकाश पटेल प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ड्यूटी कर रहे थे। प्लेटफॉर्म नंबर दो से नागपुर-समस्तीपुर एक्सप्रेस (01207) गुजर रही थी। जनरल कोच से एक लड़का प्लेटफॉर्म की ओर गिर पड़ा। दोनों जवानों ने उसे उठाकर रेलवे हेल्पलाइन यूनिट से फार्मासिस्ट बुलाया गया। बाद में एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया। किशोर की पहचान अभय (15) पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम ककरहिया, थाना रामपुर कला, जिला सीतापुर के रूप में हुई। इलाज के बाद चिकित्सक ने उसे स्वस्थ बताया। किशोर के पास यात्रा टिकट नहीं मिला। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। (संवाद)

फॉलोअप:

मेमू के गंदे टॉयलेट पर रेलवे सख्त, जांच के बाद होगी कार्रवाई

उरई। झांसी-कानपुर मेमू ट्रेन में शौचालयों की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर अमर उजाला में प्रकाशित खबर के बाद रेलवे अधिकारियों में हलचल मच गई है।

जालौन निवासी मुहम्मद अशफाक की शिकायत का संज्ञान लेते हुए महाप्रबंधक और डीआरएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, सीनियर मैकेनिकल इंजीनियर ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

जालौन के मोहल्ला मुरली मनोहर निवासी मुहम्मद अशफाक ने रेल मंत्री से शिकायत की थी कि 20 अक्तूबर को झांसी-कानपुर मेमू ट्रेन संख्या 64701 में सफर के दौरान सभी शौचालय गंदगी से भरे मिले। इससे झांसी से उरई और उरई से कानपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। खासकर दिव्यांगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार यात्रियों के लिए शौचालयों का इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया।

शिकायतकर्ता ने कहा कि ट्रेन को रवाना करने से पहले शौचालयों की सफाई और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना रेलवे की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद शौचालयों की ऐसी स्थिति मिलना सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

मामले को अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद रेलवे के अधिकारियों ने संज्ञान लिया। महाप्रबंधक और डीआरएम ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सीनियर मैकेनिकल इंजीनियर (सीएंडब्लू) राहुल शुक्ला ने भी जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *