Kanpur: Massive fire breaks out at a chemical factory behind KIT College

इंक फैक्टरी में लगी भीषण आग
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

महाराजपुर के रूमा यूपीएसआईडीसी स्थित इंक फैक्टरी में मंगलवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि फैक्टरी में रखे 20 से अधिक केमिकल ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। धमाकों की आवाज से आसपास के गांव दहल उठे और लोगों में अफरातफरी मच गई। करीब 100 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जबकि काले धुएं का गुबार तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। हालात बेकाबू होते देख पुलिस-प्रशासन ने फैक्टरी के एक किलोमीटर के दायरे को खाली करा लिया। आसपास के गांवों से लोगों को बाहर निकाला गया, वहीं पास स्थित केआईटी के हॉस्टल को भी खाली करा दिया गया। आसपास की फैक्टरियों में काम बंद कराकर कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। दमकल की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां, एसडीआरएफ और पीएसी की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। रात 12 बजे तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। फैक्टरी में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है।


रूमा औद्योगिक क्षेत्र में निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक्स नाम से संचालित फैक्टरी में प्रिंटिंग प्रेस में इस्तेमाल होने वाली इंक और चमड़े की फिनिशिंग में काम आने वाले केमिकल बनाए जाते हैं। फैक्टरी के मालिक रवींद्र देव वर्थ और डायरेक्टर अनुराधा हैं। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अचानक फैक्टरी से धुएं का गुबार उठना शुरू हुआ। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी ऊंची उठने लगीं कि दूर-दराज के इलाकों से भी दिखाई देने लगीं। आग की तपिश से फैक्टरी में रखे केमिकल के ड्रम गर्म होकर एक के बाद एक फटने लगे। तेज धमाकों से पूरा इलाका गूंज उठा। आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।सूचना पर करीब आधे घंटे में दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। आग की भयावहता देखते हुए जिले के अलग-अलग अग्निशमन केंद्रों से अतिरिक्त वाहन बुलाए गए।



Source link