कानपुर देहात के रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। सोमवार शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तक जारी रही। कानपुर नगर सीमा से सटे पलिया-बासखेड़ा-अंता मार्ग पर पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से सड़क पूरी तरह पानी में

.

कई फीट पानी भरने के कारण इस मार्ग पर आवागमन मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, वहीं बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया है।

सड़क दिखना बंद, जरा सी चूक पर हादसे का खतरा

जलभराव के बाद पलिया-बासखेड़ा-अंता मार्ग की स्थिति ऐसी हो गई है कि कई जगह सड़क दिखाई तक नहीं दे रही है। पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने और लगातार बारिश के चलते पूरा रास्ता पानी में डूबा हुआ है।

सड़क के दोनों ओर गहरे नाले हैं। पानी भरने के कारण सड़क के गड्ढे भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोग रास्ते से परिचित होने के कारण किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन दूसरे इलाकों से आने वाले वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद खतरनाक हो गया है। थोड़ी सी चूक से गंभीर हादसा हो सकता है।

किसानों की फसल भी पानी में डूबी

जलभराव का असर आसपास के खेतों पर भी पड़ा है। किसान रामलखन के मुताबिक, करीब 30 बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है। इसके अलावा धान, मक्का और अन्य फसलें भी जलभराव की चपेट में हैं। किसानों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान इसी तरह के हालात बनते हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

लेखपाल को सूचना देने के बाद भी जांच नहीं होने का आरोप

किसान रघुनाथ ने आरोप लगाया कि फसल डूबने की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल कोमल को दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच नहीं की गई। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने और जलमग्न मार्ग का निरीक्षण कराने की मांग की है।

फसल नुकसान का सर्वे और मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही जलभराव वाले मार्ग पर सुरक्षा के इंतजाम करने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान कराने की अपील की है।



Source link

अभी अभी की खबरें