उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश की वजह से चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का प्रकोप कम नहीं हो रहा है. जिसके चलते प्रशासन ने निचले इलाकों से लोगों का रेस्क्यू शुरू कर दिया है. इस बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने सबको हैरान कर दिया. बाढ़ के खतरे के बीच कुछ संतों ने मंदिर से बाहर निकलने से ही मना कर दिया. डीएम खुद हाथ जोड़कर उनसे सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील करते रहे.

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी अपना रौद्र रूप में बह रही है, जिसकी वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया है. जिसे लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है और अभी से लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया है. लेकिन यहां के मंदिर में कुछ संतों ने बाढ़ के खतरे के बीच भी मंदिर से बाहर निकलने से मना कर दिया. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ख़ुद हाथ जोड़कर उनसे निवेदन करते रहे लेकिन संत नहीं माने और भगवान के सामने ही हाथ जोड़कर बैठे रहे. 

हाथ जोड़कर निवेदन करते दिखे डीएम-एसपी

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जहां डीएम और एसपी संत के सामने हाथ जोड़कर उनसे बाहर आने का निवेदन करते दिख रहे हैं लेकिन, संत मानने को तैयार नहीं दिख रहे हैं. उन्होंने प्रशासन की अपील मानने से इनकार कर दिया और वहीं भगवान के सामने ही बैठे रहे. संतों की जिद के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा और वो वापस लौट आए. हालांकि कुछ संतों ने प्रशासन की बात मानी और वो बाहर आ गए.  

यूपी में आगरा से प्रयागराज तक भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने दिया अलर्ट

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का प्रकोप 

दरअसल चित्रकूट में बीते चार दिनों से रह-रहकर मूसलाधार बारिश हो रही, जिसके चलते यहां मंदाकिनी समेत बरदहा, बाल्मीकि नदी उफान पर है. रामघाट में तो मंदाकिनी नदी का पानी खतरे के निशान तक पहुँच गया, जिसके चलते तटवर्ती इलाकों में पानी भर गया है और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. 

चित्रकूट के ज़्यादातर इलाकों में पानी ही पानी भर गया है. जनपद में डैम के लगभग सभी गेट खोल दिए गए हैं, जिसके चलते कई गांवों में पानी भर गया है और सैकड़ों लोगों से संपर्क टूट गया है. लगातार बारिश के चलते यहां के नदी नाले उफान पर है और आवागमन पूरी तहर से बाधित हो गया है. प्रशासन नावों से बचाव कार्य में जुटा है. मौसम विभाग ने आज बुधवार को यहां लगभग सभी स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है.  



Source link